तमिलनाडु पुलिस की सतर्कता शाखा ने सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए किताबों की खरीद में कथित घोटाले के मामले में सोमवार को दो प्रकाशन संस्थानों के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में राज्य में सात स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और अन्य सामग्री कथित तौर पर जब्त की गई।
सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) की अब तक की जांच में तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों को किताबों की आपूर्ति करने के लिए कुछ अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और दोनों प्रकाशन संस्थानों के मालिक मोहन के बीच मिलीभगत का खुलासा हुआ है। मद्रास उच्च न्यायालय के कुछ दिन पहले दिए गए निर्देश के बाद निदेशालय ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। इस कथित घोटाले में चोरी, कॉपीराइट कानून के उल्लंघन और प्रतिष्ठित लेखकों की रचनाओं की नकल करके काल्पनिक लेखकों के नाम से किताबें तैयार करने जैसे मामले शामिल हैं।
प्राथमिकी में चेन्नई स्थित अकल विझक्कु पब्लिशर्स एवं फीनिक्स पब्लिकेशन्स के मालिक आर. मोहन और चेन्नई स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय निदेशालय के अन्ना शताब्दी पुस्तकालय व कोयंबटूर के पेरियार अरिवुलगम पुस्तकालय के अज्ञात अधिकारियों सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, दस्तावेजों में हेराफेरी और लोक सेवकों द्वारा आपराधिक कदाचार जैसे अपराध किए। प्राथमिकी में इसके अलावा, आरोपियों पर कॉपीराइट अधिनियम के उल्लंघन का भी आरोप है।
