शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए आने वाले समय को लेकर एक बड़ी उम्मीद सामने आई है। वैश्विक वित्तीय कंपनी मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि दिसंबर 2027 तक बीएसई सेंसेक्स 95,000 के स्तर तक पहुंच सकता है। यह मौजूदा स्तर से करीब 16 फीसदी की बढ़त होगी। हालांकि, यह उसका सबसे संभावित अनुमान है, जिसकी संभावना कंपनी ने 50 फीसदी मानी है। इस अनुमान के पीछे भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, दुनिया की अर्थव्यवस्था में स्थिरता और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का रास्ता साफ होने जैसी उम्मीदें शामिल हैं।
मॉर्गन स्टेनली ने अपनी ताजा भारतीय शेयर बाजार रणनीति रिपोर्ट में कहा है कि बाजार की यह तेजी कुछ अहम आर्थिक स्थितियों पर निर्भर करेगी। कंपनी के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहनी चाहिए। इसके साथ ही देश में निवेश के लिए पर्याप्त नकदी उपलब्ध होनी चाहिए और नए शेयर जारी होने के मुकाबले खुदरा निवेशकों की मांग मजबूत बनी रहनी चाहिए। कंपनी ने यह भी माना है कि घरेलू अर्थव्यवस्था की अच्छी रफ्तार और वैश्विक विकास में स्थिरता शेयर बाजार को सहारा दे सकती है।
इस अनुमान के तहत सेंसेक्स में शामिल कंपनियों की कमाई वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2029 तक हर साल औसतन 18.1 फीसदी की दर से बढ़ सकती है। बता दें कि कंपनियों की कमाई में लगातार बढ़ोतरी शेयर बाजार की लंबी अवधि की तेजी के लिए अहम मानी जाती है। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता है और कंपनियों के शेयरों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बनती है।
मॉर्गन स्टेनली ने बाजार के लिए तेजी और गिरावट, दोनों तरह के अनुमान भी दिए हैं। उसके तेजी वाले अनुमान के मुताबिक, दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स 105,000 तक पहुंच सकता है। इस स्थिति की संभावना 30 फीसदी रखी गई है। यानी मौजूदा स्तर से करीब 28 फीसदी की बढ़त हो सकती है। इसके लिए कच्चे तेल की कीमतें 75 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहने, महंगाई का दबाव कम होने और निवेश को बढ़ावा देने वाले सुधारों की जरूरत होगी। रिपोर्ट में लंबे समय के पूंजीगत लाभ कर को शून्य करने की संभावना को भी इस अनुमान का हिस्सा माना गया है। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े वैश्विक निवेश में कुछ समय के लिए ठहराव की बात कही गई है, लेकिन इसमें बड़ी गिरावट की आशंका नहीं रखी गई है। इस स्थिति में कंपनियों की कमाई वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच औसतन 20.3 फीसदी सालाना बढ़ सकती है।
वहीं, कंपनी ने गिरावट वाले अनुमान की संभावना 20 फीसदी बताई है। इसके तहत दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स 68,000 तक फिसल सकता है, जो मौजूदा स्तर से करीब 17 फीसदी की गिरावट होगी। ऐसा तब हो सकता है, जब कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंचकर कई महीनों तक महंगा बना रहे। इससे महंगाई बढ़ सकती है और भारतीय रिजर्व बैंक को आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए ब्याज दरें बढ़ानी पड़ सकती हैं। वैश्विक अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी पड़ना भी बाजार पर दबाव डाल सकता है। इस स्थिति में कंपनियों की कमाई में सालाना औसतन 15.8 फीसदी वृद्धि का अनुमान है, जबकि शेयरों का मूल्यांकन भी घट सकता है।
गौरतलब है कि मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि भारत की अर्थव्यवस्था के पास विकास के कई अलग-अलग स्रोत हैं। इसलिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े वैश्विक निवेश में कमी आने या दुनिया में तनाव घटने पर भी भारतीय बाजार को फायदा मिल सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश में कंपनियों की कमाई बढ़ने का दौर अब मजबूत हो रहा है।
इस बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 512.34 अंक यानी 0.63 फीसदी चढ़कर 82,104.79 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 146.80 अंक यानी 0.58 फीसदी की बढ़त के साथ 25,291.10 पर पहुंच गया है।
