कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने अपने 8,981 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 129-136 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। ओडिशा स्थित महानदी कोलफील्ड्स की सोमवार को जारी सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, निर्गम 19 नवंबर को अभिदान के लिए खुलेगा और 23 नवंबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 18 नवंबर को बोली लगा पाएंगे।
कंपनी के अनुसार, यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। इसके तहत प्रवर्तक कोल इंडिया 66.18 करोड़ शेयर बेचकर अपनी 10 प्रतिशत हिस्सेदारी कम करेगी। निर्गम पूरी तरह ओएफएस होने के कारण एमसीएल को आईपीओ से कोई राशि नहीं मिलेगी।
पूरी राशि शेयर बेचने वाली कंपनी कोल इंडिया के पास जाएगी। कंपनी का शेयर 27 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध हो सकता है। कोल इंडिया देश के घरेलू कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत से अधिक का योगदान करती है।
