अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक नाबालिग लड़की के कथित यौन उत्पीड़न की निंदा की और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध छात्र संगठन ने एक बयान में कहा कि वह इस घटना को ‘‘बेहद गंभीरता’’ से ले रहा है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात मुखानी इलाके के एक होटल में 16 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद पुलिस ने एबीवीपी के एक नेता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि चारों संदिग्ध शहर के जाने-माने ‘आईटीआई गिरोह’ के कथित सदस्य हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार एबीवीपी नेता की पहचान धीरज बिष्ट के रूप में हुई है, जबकि अन्य तीन आरोपियों के नाम नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी हैं। एबीवीपी ने बयान में कहा, ‘‘हल्द्वानी में एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न की गंभीर घटना मीडिया और सोशल मीडिया की खबरों के जरिए सामने आई है।
एबीवीपी इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करती है और पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करती है।’’
एबीवीपी के उत्तराखंड प्रदेश सचिव यशवंत पंवार ने कहा, ‘‘एबीवीपी इस गंभीर मामले में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता करेगी। संगठन प्रशासन से मांग करता है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।’’
छात्र संगठन ने कहा कि वह छात्राओं की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा उसने पीड़िता को जल्द न्याय दिलाए जाने की भी मांग की।
