कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया। खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत की आजादी से लेकर एक मजबूत, आधुनिक, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव रखने तक नेहरू का ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद तमाम चुनौतियों के बीच नेहरू ने अपनी दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और अटूट संकल्प से देश के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को नयी दिशा दी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नेहरू का लोकतंत्र, समानता, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच में गहरा विश्वास था तथा उन्होंने ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर मिले और सभी एकता, भाईचारे एवं देशहित की भावना के साथ आगे बढ़ें। खरगे ने बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, समान अवसर और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार दिलाने के संकल्प को और मजबूत करने की जरूरत है। राहुल गांधी ने नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आजादी उनकी मंजिल नहीं, देश के नए सफर का मुकाम थी तथा स्वराज उनके लिए सत्ता नहीं, हर नागरिक की भागीदारी एवं देश के भविष्य की जिम्मेदारी थी।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत उनके लिए एक खोज, एक विचार था – विविधता जिसकी शक्ति, लोकतंत्र जिसका विश्वास और समानता जिसका आधार हो।’’
राहुल ने कहा, ‘‘एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी हमारी प्रेरणा है और उस सपने के भारत की ओर हमारा प्रयास ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने नेहरू को एक क्रांतिकारी, दूरदर्शी और राष्ट्र निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू के निधन के छह दशक से अधिक समय बाद भी संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने वाले लोग उन पर हमला करते हैं जो भारत के प्रति नेहरू की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। प्रियंका ने कहाा, ‘‘देश के प्रति नेहरू का प्रेम हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहे।’’
नेहरू का जन्म 14 नवंबर, 1889 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था।
वह स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। वह 15 अगस्त, 1947 को स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री बने और 1964 में अपने निधन तक इस पद पर रहे। उनके कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान और उच्च शिक्षा के विस्तार को विशेष महत्व दिया गया।
बच्चों के प्रति उनके स्नेह के कारण उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
