मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तराखंड में ‘रिवर्स माइग्रेशन’ (पलायन कर चुके लोगों की राज्य में वापसी) की दर में उत्साहजनक 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने राज्य से बाहर जा चुके लोगों से अपने पैतृक गांवों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने का आग्रह किया। धामी ने दून विश्वविद्यालय में आयोजित तीसरे ‘प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन’ में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का माहौल ऐसा लग रहा है, जैसे परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटे हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और उपलब्धियों के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के विकास में भी उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधनों और क्षमताओं का लाभ मिलना चाहिए।’’
धामी ने उन 30 प्रवासी उत्तराखंडियों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लिया और उनके विकास में योगदान दिया।
