केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से कथित तौर पर 63.51 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी स्थित भगवती राइस मिल प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह कार्रवाई पीएनबी की शिकायत पर की गई है।
बैंक ने कंपनी को कुल 66 करोड़ रुपये का ऋण दिया था। कंपनी के साथ उसका वर्ष 1995 से लेन-देन था। बैंक ने कहा है कि अगस्त 2025 में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने प्रक्रियागत आधार पर, पूर्व की धोखाधड़ी संबंधी घोषणा को रद्द कर दिया था।
इसके बाद बैंक ने नये सिरे से कार्यवाही शुरू की। अब प्राथमिकी का हिस्सा बनी पीएनबी की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी वित्तीय अनुशासन बनाए रखने में विफल रही। इसमें कहा गया कि उसने राशि का दूसरी जगह उपयोग किया है और ऋण मंजूरी की शर्तों का भी उल्लंघन किया है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशानिर्देशों के अनुसार, आठ जून 2023 को खाते को गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) घोषित कर दिया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने धोखाधड़ी और बेईमानी से ऋण के रूप में ली गई राशि को निकालकर दूसरी जगह लगा दिया, जिससे राशि का आपराधिक दुरुपयोग हुआ।
