बेंगलुरु में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामलों में दो विदेशी नागरिकों समेत 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6.30 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुखबिरों से हेब्बल, कोरमंगला, डी. जे. हल्ली, महालक्ष्मीपुरम, यशवंतपुर, अदुगोडी, हेन्नूर, गोविंदपुरा, बेगुर, हेब्बागोडी और बांडेपाल्या पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिली थी। अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में दो विदेशी नागरिक, अन्य राज्यों के नौ निवासी और 23 स्थानीय लोग शामिल हैं।
इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे विदेशों, अन्य राज्यों और कर्नाटक के भीतर अज्ञात लोगों से सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदते थे और आसानी से पैसा कमाने के लिए उन्हें आम लोगों तथा कॉलेज के छात्रों को ऊंची कीमत पर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.519 किलोग्राम एमडीएमए, 46.486 किलोग्राम गांजा, 72.82 ग्राम कोकीन और एक लीटर 542 मिलीलीटर हशीश तेल जब्त किया। इसके अलावा आठ मोबाइल फोन, दो दोपहिया वाहन और 1,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
इसने बताया कि जब्त मादक पदार्थों और अन्य सामान का अनुमानित मूल्य 6.30 करोड़ रुपये है, जबकि इनका बाजार मूल्य 12.61 करोड़ रुपये आंका गया है। पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले अज्ञात लोगों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में की जांच जारी है।
सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
