दिल्ली के प्रकाश विहार में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगो को पकड़ा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि प्रकाश विहार की मुख्य गली में सोमवार को तड़के 24 वर्षीय रोशन शाह को मामूली कहासुनी के बाद चार लोगों ने ईंटों से मारा और चाकू घोंपकर कर जख्मी कर दिया।
पुलिस ने बताया कि रोशन को तुरंत डॉक्टर बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर शाहबाद डेरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में लगे 120 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया जानकारी व तकनीकी निगरानी के आधार पर चारों किशोरों को घटना के कुछ ही घंटों बाद पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के वक्त चारों किशोरों द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।
