अल अमेरात (ओमान) 10 नवंबर आर्यवीर सहवाग की 168 गेंदों पर 160 रन की शानदार पारी से भारत ने मंगलवार को यहां यूएई को 70 रन से हराकर अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत अब बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से भिड़ेगा। रविवार को पाकिस्तान के हाथों हार के बाद भारत के लिए यूएई के खिलाफ मुकाबला करो या मरो का था।
ऐसे में महान बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने युवा वनडे में अपने पहले शतक की बदौलत भारतीय टीम को सात विकेट पर 309 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में यूएई की टीम 50 ओवर में 239 रन पर सिमट गई। आर्यवीर ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की लेकिन क्रीज पर समय बिताने के बाद चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी।
उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और सात छक्के जड़े। उन्हें खाता खोलने के लिए 14 गेंदों का इंतजार करना पड़ा। हिदायतुल्लाह खान की गेंद पर मिडविकेट की दिशा में चौका लगाकर उन्होंने अपना खाता खोला।
उनकी पारी में 97 गेंदें डॉट रहीं, जो बताती हैं कि इस युवा बल्लेबाज को अभी अपने खेल में काफी सुधार करना है। आर्यवीर ने इससे पहले नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले में उनके बल्ले से 22 रन निकले थे। उन्होंने यूएई के खिलाफ पारी के शुरुआती हिस्से में तेज गेंदबाज नूरुल्लाह अयोबी को निशाना बनाया।
पारी के 10वें ओवर में उन्होंने क्रीज से बाहर निकलकर मिडविकेट के ऊपर से शानदार शॉट लगाया। इसके चार ओवर बाद उन्होंने इसी गेंदबाज के खिलाफ एक और ऐसा ही शॉट खेला। नूरुल्लाह ने हालांकि 14वें ओवर में ही भारत को पहला झटका दिया।
आर्यवीर के सलामी जोड़ीदार कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (17) को पुल शॉट खेलने के प्रयास में स्क्वायर लेग पर कैच दे बैठे। मैच का पहला छक्का भी आर्यवीर के बल्ले से निकला। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर जैनुल्लाह रहमानी की गेंद पर आगे बढ़कर शॉट खेलते हुए गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया।
इसके कुछ देर बाद नूरुल्लाह की गेंद पर मिडविकेट के ऊपर छक्का लगाकर 69 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पारी आगे बढ़ने के साथ आर्यवीर की बल्लेबाजी में तेजी और आत्मविश्वास दोनों नजर आए। हिदायतुल्लाह की गेंद पर एक हाथ से शानदार कवर ड्राइव लगाकर वह नब्बे रन के पार पहुंचे।
इसके बाद स्पिनर बिलाल खान की गेंद पर एक रन लेकर 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के बाद आर्यवीर ने गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बना लिया। उन्होंने अगले 60 रन महज 37 गेंदों में जोड़ दिए।
नूरुल्लाह की गेंद पर सीधे छक्का लगाकर उन्होंने 150 रन का आंकड़ा पार किया। उनकी शानदार पारी का अंत नसीम खान की गेंद पर मिडविकेट में कैच आउट होने के साथ हुआ। आर्यवीर के अलावा वीके विनीत ने भी उपयोगी योगदान दिया।
उन्होंने 69 गेंदों पर 67 रन बनाए। अन्वय द्रविड़ ने नौ गेंदों पर 12 रन की पारी में एक गगनचुंबी छक्का लगाया। यूएई की टीम 310 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय गेंदबाजों के सामने कभी मुकाबले में नजर नहीं आई।
अहमद खुदाबाद ने 74 गेंदों पर 74 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था।
