बेंगलुरु, नौ नवंबर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मिंटो नेत्र अस्पताल और नारायण नेत्रालय में पटाखों से आंखों में चोट लगने के कम से कम 51 मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। घायलों में बच्चे और पटाखे फोड़ते समय आसपास मौजूद लोग भी शामिल हैं।
अस्पताल की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, राजाजीनगर स्थित नारायण नेत्रालय में सात से नौ नवंबर 2026 के बीच पटाखों से आंखों में चोट लगने के 31 मरीजों का उपचार किया गया। बयान के अनुसार, नौ नवंबर को शाम पांच बजे तक अस्पताल में 15 बच्चों और 16 वयस्कों का उपचार किया गया। इनमें 19 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं।
इनमें से आठ लोग पटाखे फोड़ते समय आसपास मौजूद होने के कारण घायल हुए, जबकि 23 लोगों को खुद पटाखे फोड़ते समय चोट लगी। कुल 30 मरीजों को दवाओं से उपचार दिया गया, जबकि एक मरीज की सर्जरी करनी पड़ी। नारायण नेत्रालय के निदेशक डॉ. नरेन शेट्टी ने कहा, ‘‘यह चिंता की बात है कि हमारे अस्पताल में पटाखों से आंखों में चोट लगने के कुल मामलों में 48 प्रतिशत बच्चे हैं।
माता-पिता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चे अकेले पटाखे न जलाएं और उन्हें सुरक्षित दूरी पर रखा जाए।’’
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि पटाखों के साथ उत्सव मनाते समय आंखों को चोट से बचाने के लिए सुरक्षा चश्मा पहनें। नारायण नेत्रालय में कॉर्निया विभाग के प्रमुख एवं सलाहकार डॉ. यतीश एस. ने बताया कि अधिकतर मरीजों का उपचार बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में दवाओं के जरिए किया गया, जबकि एक मरीज की सर्जरी करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद पटाखों से आंखों में चोट लगने के मामले सामने आ रहे हैं।
