नयी दिल्ली, तीन नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर हमला तेज करते हुए मंगलवार को कहा कि अगर राहुल गांधी “सत्ता परिवर्तन” के लिए अपने “अराजकता के मॉडल” को जारी रखते हैं, तो जनता विपक्ष में उनकी जगह कोई दूसरा विकल्प ढूंढ लेगी। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अराजक ‘कॉकरोच’ और विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित ये सभी लोग ‘सत्ता परिवर्तन’ के लिए देश के सामने अराजकता का एक मॉडल पेश कर रहे हैं।”
भाटिया ने चेतावनी दी कि जो लोग भारत में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, उन्हें शायद जनता यह तय करते मिले कि “विपक्ष गैर-जिम्मेदार है और उसे बदल दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव-यह मत सोचिए कि अराजकता फैलाकर आपको कुछ हासिल होगा। देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता आपके राजनीतिक करियर को खत्म कर देगी।
लोग विपक्ष का कोई विकल्प ढूंढ लेंगे।”
भाटिया ने कहा कि राहुल के “अराजकता के मॉडल” को कोई स्वीकार नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के भीतर भी वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अराजकतावादी मॉडल से सहमत नहीं हैं। उन्हें लगता है कि इससे कांग्रेस पूरी तरह से बर्बाद और नष्ट हो जाएगी।”
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों को विदेशी फंडिंग की वजह से बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ‘प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल’ (पीआई) और‘इंडियन अलायंस पेरिस’ जैसी विदेशी ताकतों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करते हैं। भाटिया ने कहा, “पीआई हर जगह विरोध-प्रदर्शनों को वित्त पोषण देता है और ‘तख्तापलट’ के लिए हिंसा करवाता है। सोनिया गांधी उसके प्रतिनिधियों से मिली थीं।”
उन्होंने दिल्ली में पीआई के प्रतिनिधियों के साथ सोनिया की कथित मुलाकात की एक तस्वीर भी दिखाई।
राहुल ने विपक्ष पर देश को अस्थिर करने के लिए विदेशी मदद लेने का आरोप लगाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सोमवार को पलटवार किया था और उन्हें इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी थी। कांग्रेस नेता ने मोदी पर “विदेशी मदद” से प्रधानमंत्री की कुर्सी हासिल करने का आरोप भी लगाया था।
