ऑकलैंड, तीप नवंबर रोहित शर्मा और विराट कोहली पर एक बार फिर से सभी की निगाहें टिकी रहेंगी लेकिन भारत के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के कारण न्यूजीलैंड बुधवार से यहां शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे श्रृंखला में बेहतर स्थिति में नजर आ रहा है। वनडे श्रृंखला के बाद होने वाली टेस्ट श्रृंखला को ध्यान में रखकर जसप्रीत बुमराह को विश्राम दिया गया है जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं। ऐसे में अनुभवी मोहम्मद सिराज को अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी होगी।
सिराज के अलावा भारतीय टीम में शामिल अन्य चार विशेषज्ञ गेंदबाजों अर्शदीप सिंह (18), गुरनूर बराड़ (09), अंशुल कंबोज और औकिब नबी (एक-एक) के पास कुल मिलाकर 29 वनडे मैचों का अनुभव है। टौरंगा में पांचवें और अंतिम वनडे के तुरंत बाद शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला को ध्यान में रखते हुए अंतिम दो वनडे में भारत के कुछ स्टार खिलाड़ी नहीं खेलेंगे। वनडे श्रृंखला 15 नवंबर को समाप्त होगी और पहला टेस्ट मैच 19 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।
यहां तक कि कप्तान शुभमन गिल भी टेस्ट मैचों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आखिरी दो वनडे मैचों में नहीं खेलेंगे। गिल ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘अगर वनडे श्रृंखला और टेस्ट श्रृंखला के बीच कुछ अधिक अंतराल होता तो हम सभी पांच मैच में खेलते लेकिन वनडे और टेस्ट मैचों के बीच बहुत कम अंतराल होने के कारण हमें कार्यभार का प्रबंधन करना होगा। इसलिए टेस्ट टीम में शामिल कुछ खिलाड़ी आखिरी दो वनडे नहीं खेल पाएंगे।’’
दक्षिण अफ्रीका की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में जीत के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में चौथे नंबर पर काबिज भारत के लिए फाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है।
उसे अब बाकी बचे सात टेस्ट मैचों में से कम से कम छह जीतने होंगे और साथ ही यह भी उम्मीद करनी होगी कि कुछ अन्य मैचों के परिणाम उसके अनुकूल रहें। यही वजह है कि भारत टेस्ट श्रृंखला को ज्यादा प्राथमिकता दे रहा है। वनडे में भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाज लगभग तय हैं।
रोहित और कप्तान गिल पारी की शुरुआत करेंगे। उनके बाद कोहली और उप कप्तान श्रेयस अय्यर का नंबर आता है। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, जबकि ऑलराउंडर अक्षर पटेल और नितीश कुमार रेड्डी (जो केवल पहले वनडे के लिए उपलब्ध हैं) को छठे और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता है।
हर्षित राणा के चोटिल होने के कारण भारतीय टीम प्रबंधन आठवें नंबर पर अंशुल कंबोज को आजमा सकता है जो आक्रामक बल्लेबाजी करने में भी सक्षम हैं। ईडन पार्क की सीधी बाउंड्री बेहद छोटी हैं और उसकी दूरी केवल 55 मीटर है। ऐसे में भारत सिराज, अर्शदीप सिंह और लंबे कद के गुरनूर बराड़ को अंतिम एकादश में रख सकता है।
हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति के कारण कुलदीप यादव के लिए अंतिम एकादश में जगह बनाना मुश्किल हो रहा है भले ही उन्होंने भारत के वर्तमान गेंदबाजी आक्रमण में सर्वाधिक 201 विकेट लिए हैं। लेकिन 11 से 40 ओवर के बीच सर्कल के बाहर केवल चार क्षेत्ररक्षकों को ही अनुमति दी जाती है और ऐसे में बीच के ओवर अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। इसलिए कुलदीप की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
गिल ने कहा, ‘‘बीच के ओवरों में विकेट लेने के लिए अच्छा विकल्प होना बहुत जरूरी है। सीधी बाउंड्री और उसकी कम दूरी देखते हुए मैं नहीं जानता कि इस मैदान पर स्पिनर कितने ओवर कर पाएंगे। लेकिन विश्व कप को ध्यान में रखते हुए बीच के ओवरों में एक स्ट्राइक गेंदबाज का होना बहुत महत्वपूर्ण है जो विकेट ले सके।’’
भारत अगर तेज गेंदबाजी विभाग में कमजोर है तो न्यूजीलैंड की टीम में अधिकतर खिलाड़ी उम्रदराज हैं।
उसकी वनडे टीम की औसत आयु 34 से 35 के बीच है। ऐसे में कप्तान मिचेल सैंटनर ने संकेत दिए कई खिलाड़ियों के लिए 2027 में होने वाला वनडे विश्व कप आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। इन खिलाड़ियों में वह भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अधिकतर खिलाड़ियों की उम्र लगभग 34 या 35 के आसपास है। वनडे विश्व कप के बाद, सारा ध्यान फिर से टी20 क्रिकेट पर केंद्रित हो जाएगा। मुझे अभी तक किसी खिलाड़ी ने अपनी भावी योजना के बारे में नहीं बताया है, लेकिन ऐसा हो सकता है।’’
टीम इस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, कुलदीप यादव, नमन धीर।
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), विल यंग, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, माइकल ब्रैसवेल, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, नाथन स्मिथ। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होगा।
