(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने शुक्रवार को कहा कि वह प्रतिस्पर्धा से नहीं डरती और उपग्रह संचार क्षेत्र में एलन मस्क की स्टारलिंक सहित सभी कंपनियों का स्वागत करती है। हालांकि, कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि हर कंपनी को भारतीय कानूनों का पालन करना होगा। कंपनी ने हाल में अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की ओर से भारत के उपग्रह संचार बाजार में प्रतिस्पर्धा को लेकर की गई सार्वजनिक टिप्पणियों के बाद पहली बार सीधे तौर पर बयान जारी किया है।
मस्क ने रिलायंस की आलोचना करते हुए कहा था कि उपग्रह संचार क्षेत्र में अधिक प्रतिस्पर्धा से उपभोक्ताओं को लाभ होगा। रिलायंस ने कहा कि वह ‘‘तथ्यों को रिकॉर्ड पर रखने’’ के लिए यह बयान जारी कर रही है। बयान में कहा गया, ‘‘रिलायंस और भारतीय बाजार के बारे में हाल की टिप्पणियों के मद्देनजर हम तथ्यों को रिकॉर्ड पर रखना चाहते हैं… रिलायंस में हमने कभी प्रतिस्पर्धा से डर महसूस नहीं किया है।’’
इसमें कहा गया कि हमारा मानना है कि प्रतिस्पर्धा से ही पता चलता है कि ग्राहकों को सबसे अच्छी सेवा कौन देता है।
बयान के अनुसार, जियो ने भी 2016 में भारत के प्रतिस्पर्धा से भरे दूरसंचार बाजार में एक नए खिलाड़ी के रूप में प्रवेश किया था। उस समय उसका एक भी ग्राहक नहीं था। हालांकि, केवल 10 साल में उसने 53 करोड़ से अधिक ग्राहकों का भरोसा हासिल किया और भारतीयों को दुनिया के सबसे बेहतर डिजिटल बुनियादी ढांचों में से एक तथा सबसे किफायती डेटा सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इसमें कहा गया, ‘‘हम स्टारलिंक सहित उपग्रह संचार क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का स्वागत करते हैं। जियो समेत हर कंपनी को भारत के लोगों की सेवा करनी होगी और देश के कानूनों तथा नीतियों का पालन करना होगा।’’
रिलायंस ने कहा कि हर भारतीय उद्यम की तरह उसने भी ऐसे भारत में तरक्की की है, जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाने वाले घरेलू या अंतरराष्ट्रीय निवेश और नवाचार का स्वागत करता है। बयान में कहा गया, ‘‘इस खुलेपन का आधार कानून का शासन है।
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह भारतीय या विदेशी, हर आवेदक के लिए एक ही प्रक्रिया अपनाती है। जियो की अपनी उपग्रह सेवाएं भी मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही हैं।’’
