महानायक अमिताभ बच्चन ने रविवार को 84वें जन्मदिन के अवसर पर अपने आवास ‘जलसा’ से बाहर आकर प्रशंसकों की भारी भीड़ का अभिवादन किया। इसके साथ ही उन्होंने हर साल अपनी एक झलक पाने के लिए एकत्र होने वाले प्रशंसकों से मिलने की अपनी परंपरा को जारी रखा। अभिनेता ने जुहू स्थित अपने घर के एक ऊंचे चबूतरे पर खड़े होकर भीड़ की ओर हाथ हिलाया, जबकि कई लोग इस क्षण को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते नजर आए।
बच्चन के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग उस चबूतरे के आसपास खड़े थे, जिसे लाल फूलों की एक बड़ी माला से सजाया गया था। इस खास मौके पर बच्चन ने गहरे मैरून रंग का कुर्ता पहना था और अपने कंधे पर भूरे रंग की कश्मीरी पश्मीना शॉल डाल रखी थी। इस साल बच्चन का जन्मदिन उनके नियमित रविवार के ‘दर्शन’ के दिन ही पड़ा।
यह एक लंबे समय से चली आ रही परंपरा है, जिसके तहत बच्चन अपने आवास के बाहर एकत्र हुए प्रशंसकों के सामने आते हैं और उनका अभिवादन करते हैं। प्रशंसक बच्चन की कई फिल्मों के उनके प्रसिद्ध किरदारों वाले रूप में नजर आए, जबकि अन्य लोग महानायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाली तख्तियां थामे हुए थे।
