फिन एलन, लॉकी फर्ग्यूसन और टिम सीफर्ट की न्यूजीलैंड की वनडे टीम में वापसी हुई है जबकि कंधे की चोट से उबरने वाले रचिन रविंद्र को भी चार नवंबर से भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला के लिए टीम ने चुना गया है। वनडे सीरीज के बाद होने वाली टेस्ट श्रृंखला के कारण चयनकर्ताओं ने 50 ओवरों के प्रारूप के लिए दो टीम का चयन किया है। टेस्ट श्रृंखला में खेलने वाले विशेषज्ञ खिलाड़ी आखिरी दो वनडे में नहीं खेलेंगे।
केवल छह खिलाड़ी मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, जैकब डफी, विल यंग और ब्लेयर टिकनर कोई सभी पांच वनडे मैच के लिए चुना गया है। डेवोन कॉनवे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र और नाथन स्मिथ पहले तीन मैचों में ही खेलेंगे। तीसरे वनडे मैच के बाद यह सभी खिलाड़ी टेस्ट श्रृंखला की तैयारी करेंगे।
अंतिम दो वनडे के लिए इनकी जगह पर फिन एलन, क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे, निक केली और सीफर्ट को टीम में चुना गया है। एलन और फर्ग्यूसन आखिरी बार 2023 में वनडे में खेले थे। फर्ग्यूसन ने अपना आखिरी वनडे मैच भारत के खिलाफ ही मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल के रूप में खेला था।
सीफर्ट ने आखिरी बार लगभग 18 महीने पहले पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान वनडे खेला था। मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 2027 में होने वाले आईसीसी पुरुष विश्व कप को देखते हुए वनडे श्रृंखला बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है जिसमें हम खचाखच भरे स्टेडियम में भारतीय टीम का सामना करेंगे।
इसके अलावा वनडे विश्व कप में अब केवल एक साल बाकी है और उसकी तैयारी की दृष्टि से भी यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण होगी।’’
भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा नवंबर की शुरुआत में की जाएगी। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की वनडे टीमें:
पहले तीन वनडे के लिए: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग
अंतिम दो वनडे के लिए: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग।
