चेन्नई, तीन अक्टूबर कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने शनिवार को कहा कि टीवीके के ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होने से राज्य में इसका विस्तार होगा और इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी मोर्चा काफी मजबूत होगा। विपक्षी एकजुटता के लिए इसे ‘‘ऐतिहासिक दिन’’ बताते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष टैगोर ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि टीवीके के गठबंधन में शामिल होने से तमिलनाडु में विपक्षी मोर्चा और मजबूत होगा तथा आरएसएस-भाजपा सरकार, खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ राजनीतिक मुकाबला और अधिक प्रभावी होगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में बहुदलीय समन्वय बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में टैगोर ने कहा, ‘‘खासकर तमिलनाडु में टीवीके के शामिल होने से ‘इंडिया’ गठबंधन मजबूत हुआ है।’’
समन्वय बैठक में कांग्रेस, टीवीके, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, वीसीके, एमडीएमके और आईयूएमएल के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एमडीएमके प्रमुख वाइको ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी दलों के नेता निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत देश के अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए एकत्र हुए।
