लखनऊ, दो अक्टूबर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नाका इलाके में एक अपार्टमेंट में झगड़े के दौरान नाबालिग लड़के ने अपनी मां की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक घटना राजेंद्र नगर क्रॉसिंग के पास विजन अपार्टमेंट के एक फ्लैट में हुई, जिसके बाद नाका पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक महिला की पहचान गीता भागचंदानी (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, बृहस्पतिवार को बहस के दौरान गीता के 17 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर उसके सिर पर किसी उपकरण से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार नाबालिग लड़का घटनास्थल पर ही मिला और उसे पूछताछ के लिए पुलिस की हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और फोरेंसिक फील्ड यूनिट ने अपार्टमेंट की जांच की और सबूत इकट्ठा किए, साथ ही हमले में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए उपकरण और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
