असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर बुधवार को उन्हें बधाई दी और ‘‘नक्सलवाद को खत्म करने तथा सुरक्षित राष्ट्र सुनिश्चित करने’’ के उनके प्रयासों की सराहना की।
 शर्मा ने यह भी कहा कि शाह की तीक्ष्ण संगठनात्मक क्षमता और बारीकियों पर नजर रखने की क्षमता ने उन्हें भारत के बड़े नेताओं में से एक बना दिया है। शाह का आज 61वां जन्मदिन है।
इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: Yogi ने अखिलेश को बताया ‘राम द्रोही’ और ‘कृष्ण द्रोही’, ‘राजनीतिक इस्लाम’ को सबसे बड़ा खतरा करार दिया
 शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ अतिम शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह नक्सलवाद को खत्म करने और एक सुरक्षित राष्ट्र सुनिश्चित करने के भारत के प्रयासों का नेतृत्व करने में सबसे आगे रहे हैं।’’
 शर्मा ने कहा, ‘‘ मेरे गुरु और मार्गदर्शक, ऐसे व्यक्ति जिन्होंने हमेशा आगे बढ़कर नेतृत्व किया और हमें हर स्थिति में रास्ता दिखाया- आदरणीय अमित शाह को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘अनुशासन, कर्मठता और संगठन-कौशल के अद्भुत समन्वय, लोकप्रिय जन नेता एवं देश की आंतरिक सुरक्षा के शिल्पी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।’’ उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर यश की प्राप्ति हो। आपका राष्ट्र सेवा और सहकारिता का पथ और भी जनकल्याणकारी बने, यही मंगलकामना है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, ‘‘कुशल संगठनकर्ता, भारतीय राजनीति के चाणक्य, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री आदरणीय श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ’’ उन्होंने कहा कि ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा, अद्वितीय संगठन कौशल और दृढ़ नेतृत्व के प्रतीक माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी, आपको जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक समर्पित कार्यकर्ता से लेकर देश के गृहमंत्री तक की आपकी यात्रा केवल पद की नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के निरंतर साधना-पथ की यात्रा रही है।’’
इसे भी पढ़ें: Bay of Bengal Cyclone | तमिलनाडु पर मंडराया चक्रवाती खतरा, IMD ने 8 जिलों में जारी किया रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद
मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाना हो या भारत की आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाना हो, हर निर्णय में आपके दूरदर्शी नेतृत्व, रणनीतिक सोच और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का तेज प्रतिबिंबित होता है। उन्होंने कहा, ‘‘मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि आपको दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें ताकि आप राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में हम सभी कार्यकर्ताओं का निरंतर मार्गदर्शन करते रहें।
		