हरियाणा सरकार ने बाढ़ प्रभावित पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की है। इस संकट के दौरान राहत उपायों के तहत, राज्य ने पंजाब और जम्मू-कश्मीर दोनों के लिए 5-5 करोड़ रुपये जारी किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस धनराशि का उपयोग राहत कार्यों और बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा। इस कदम को पड़ोसी राज्यों के प्रति एकजुटता, सहयोग और सहानुभूति के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली में बाढ़ का अलर्ट: यमुना का लोहा पुल बंद, यातायात डायवर्ट, CM बोलीं- हालात काबू में।
पंजाब और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों को नायब सैनी ने पत्र भी लिखा है। पत्र को साझा करते हुए सैनी ने एक्स पर लिखा कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर में आई भीषण बारिश व बाढ़ से उत्पन्न हालात बेहद दुखद हैं। इस संकट की घड़ी में हरियाणा सरकार और प्रदेश की जनता प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री राहत कोष से पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए 5-5 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी गई है। यह मदद राहत और बचाव कार्यों में सहायक होगी और प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुँचाने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का यह प्रयास है कि ज़रूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव सहयोग किया जाए। हम सभी प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि हरियाणा उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। इस कठिन समय में हम सब मिलकर इस आपदा का सामना करेंगे। हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर – एकजुट होकर हम इस संकट को पार करेंगे। फिरोजपुर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत करते हुए भावुक हो गए।
इसे भी पढ़ें: ‘आज पंजाब संकट में है’, केजरीवाल की मदद की गुहार, आप विधायक एक महीने का वेतन दान करेंगे
मान ने कहा कि जब देश संकट में था, पंजाब हमेशा देश के साथ खड़ा रहा… आज पंजाब संकट में है, और मुझे पूरी उम्मीद है कि पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा होगा। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने फोन किया, और उन्होंने स्थिति की जानकारी ली… नुकसान की स्थिति अभी भी जारी है… 1988 में जो बाढ़ आई थी, आज स्थिति उससे भी ज्यादा गंभीर है।
