बॉलीवुड के मेगास्टार सलमान खान और साउथ की सुपरस्टार नयनतारा एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। निर्देशक वामसी पैडिपल्ली ने सलमान खान के साथ अपनी अगली फिल्म की घोषणा कर प्रशंसकों को बड़ा सरप्राइज दिया है। काफी समय से चल रही चर्चाओं के बाद अब इस बड़े प्रोजेक्ट पर आधिकारिक मुहर लग गई है।
नयनतारा की एंट्री से बढ़ा उत्साह
इस बड़े बजट की फिल्म में नयनतारा मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाएंगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर उनका स्वागत करते हुए लिखा कि बहुमुखी प्रतिभा की धनी नयनतारा का इस खास प्रोजेक्ट से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। सलमान और नयनतारा की इस नई जोड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर अभी से काफी चर्चा शुरू हो गई है।
कब शुरू होगी शूटिंग?
इस मेगा बजट फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2026 में शुरू होने वाली है। फिल्म का निर्माण ‘श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स’ के बैनर तले दिल राजू और शिरीष कर रहे हैं। साथ ही कुलदीप राठौड़ और रफी काजी भी इस फिल्म में को-प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हुए हैं।