तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच एक ‘‘गठजोड़’’ होने का आरोप लगाया।
रेड्डी ने इसके साथ ही बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ ‘‘अफवाहें’’ फैलाने और राज्य के विकास में ‘‘बाधाएं’’ खड़ी करने का आरोप भी लगाया।
रेवंत रेड्डी ने जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार वी. नवीन यादव के समर्थन में चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए आरोप लगाया कि किशन रेड्डी हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना के विस्तार और मुसी पुनर्जीवन परियोजना में बाधा डालकर हैदराबाद के विकास को बाधित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “भाजपा नेताओं के बीआरएस के साथ गुप्त संबंध हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की आठ सीट पर जीत इसका सबूत है।”
उन्होंने सवाल किया, क्या दो केंद्रीय मंत्री (किशन रेड्डी और बंडी संजय कुमार) राज्य के लिए कोई धनराशि लेकर आए?
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद जुबली हिल्स में चुनाव प्रचार तो कर रहे हैं लेकिन तेलंगाना के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से धनराशि की मांग नहीं कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव जीतने के बाद सिकंदराबाद छावनी क्षेत्र में 4,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने जुबली हिल्स के मतदाताओं से कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव का समर्थन करने की अपील की।
जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
