नई दिल्ली, 19 जनवरी 2026
गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव अनुगूंज प्रतिवर्ष विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत और युवा ऊर्जा को अभिव्यक्त करने का सशक्त मंच प्रदान करता है। इसी कड़ी में अनुगूंज प्रीलिम्स जोनल–4 का तीन दिवसीय आयोजन 19 से 21 जनवरी 2026 तक इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईआईटीएम), जनकपुरी परिसर में भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। इस जोनल प्रीलिम्स में विश्वविद्यालय से संबद्ध 24 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ विभिन्न सांस्कृतिक एवं ललित कला प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
आयोजन का शुभारंभ 19 जनवरी 2026 को आईआईटीएम की निदेशक प्रो. (डॉ.) रचिता राणा, उपनिदेशक प्रो. (डॉ.) गणेश वाधवानी तथा अनुगूंज प्रीलिम्स जोनल–4 की समन्वयक मिस रश्मि ईश्वरावत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
उद्घाटन अवसर पर प्रो. (डॉ.) रचिता राणा ने अपने संबोधन में कहा कि अनुगूंज जैसे सांस्कृतिक मंच विद्यार्थियों को न केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना का भी विकास करते हैं।
इस अवसर पर संस्था के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह का संचालन डॉ. मधु रुहिल, मिस दिव्या गुप्ता एवं मिस अदिति अग्रवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन रिपोर्टिंग एवं पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिसका संचालन आईआईटीएम की पंजीकरण टीम द्वारा किया गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में उत्सवपूर्ण वातावरण व्याप्त हो गया।
उद्घाटन के पश्चात सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का क्रम आरंभ हुआ। सभागार में आयोजित शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता का संचालन डॉ. भावना मुकेरिया द्वारा किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने भरतनाट्यम, कथक एवं अन्य शास्त्रीय नृत्य शैलियों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की मनोहारी झलक प्रस्तुत की। इस प्रतियोगिता में फेयरफील्ड इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की प्रतिभागी शरण्या एस. पिल्लै ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की प्रतिभागी निधि शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में आयोजित पाश्चात्य गायन (वेस्टर्न वोकल) प्रतियोगिता का संचालन डॉ. सायमा सलीम द्वारा किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी सुमधुर आवाज़ और संगीत कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रतियोगिता में भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की प्रतिभागी अनन्या स्वैन ने प्रथम स्थान तथा गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की प्रतिभागी संस्कृति गिरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
ललित कला प्रतियोगिताओं के अंतर्गत ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता का संचालन डॉ. हरमीत मल्होत्रा द्वारा किया गया, जहाँ प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रंगों के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों को प्रभावी ढंग से कैनवास पर उकेरा। इस प्रतियोगिता में फेयरफील्ड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी की उज्जैनी ने प्रथम स्थान तथा कमल इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज़ एंड एडवांस टेक्नोलॉजी की सनाया सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता, जिसकी जिम्मेदारी डॉ. मंज़ूर अंसारी ने निभाई, में विद्यार्थियों ने रचनात्मक सोच और दृश्य संतुलन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की प्रतिभागी हरमन कौर ने प्रथम स्थान तथा इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट की पलक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं रंगोली, कार्टूनिंग एवं क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताओं का संचालन क्रमशः मिस दीप्ति तिवारी, मिस ज्योति बी. एवं डॉ. पूजा शर्मा द्वारा किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में मैनेजमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के आशुतोष एवं आर्ची राजपूत ने प्रथम स्थान, जबकि भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की मान्शा एवं मान्या ढींगरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्टूनिंग प्रतियोगिता में श्री गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड आईटी के प्रतिभागी नौनिध सिंह प्रथम स्थान पर रहे, जबकि इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट की प्रतिभागी आयुषी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में गुरु तेग बहादुर 4th सेंटेनरी इंजीनियरिंग कॉलेज की स्तुति भट्टाचार्य ने प्रथम स्थान तथा गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की फलक राजपूत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य मंच पर आयोजित संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को विशेष रूप से जीवंत बनाए रखा। समूह गीत (भारतीय) प्रतियोगिता का संचालन मिस प्रियंका रतन द्वारा किया गया, जिसमें देशभक्ति, लोक एवं शास्त्रीय संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस प्रतियोगिता में भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्रतिभागियों ने प्रथम तथा गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसके पश्चात आयोजित समूह गीत (पाश्चात्य) प्रतियोगिता का संचालन मिस श्वेता अनेजा द्वारा किया गया, जिसमें आधुनिक संगीत शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ देखने को मिलीं। इस प्रतियोगिता में भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्रतिभागियों ने प्रथम तथा महाराजा सूरजमल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
दोपहर बाद आयोजित नच बलिए प्रतियोगिता का संचालन मिस कोमल शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें युगल नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस प्रतियोगिता में इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के वत्सल जैन ने प्रथम तथा ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ के जागृत मल्होत्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं लोक नृत्य प्रतियोगिता, जिसका संचालन मिस निधि रुहिल द्वारा किया गया, में भारत की विविध लोक नृत्य परंपराओं की सजीव प्रस्तुति देखने को मिली। इस प्रतियोगिता में गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रतिभागियों ने प्रथम तथा ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ के प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘अनुगूंज’ के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है।
पूरे आयोजन के दौरान आईआईटीएम के शिक्षकगण, आयोजन समिति एवं स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर्स ने अनुशासन, समन्वय और समर्पण के साथ कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया। अनुगूंज प्रीलिम्स जोनल–4 का यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि विभिन्न महाविद्यालयों के छात्रों के बीच सांस्कृतिक संवाद, सहयोग और सौहार्द को भी सुदृढ़ बना रहा है।
